उज्जैन, 15 अक्टूबर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय युवा उत्सव-2027 के अंतर्गत उज्जैन जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन अक्टूबर 2026 में किया जा रहा है। उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। आयोजन की थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखी गई है। युवा उत्सव में समूह लोकनृत्य, समूह लोकगीत, पेंटिंग, कविता लेखन एवं नुक्कड़ नाटक सहित पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिला स्तरीय आयोजन के बाद नवंबर 2026 में संभाग स्तरीय आयोजन होगा। जिला स्तर पर चयनित युवा एवं दल संभाग स्तर पर तथा संभाग स्तर पर चयनित प्रतिभागी राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। राज्य स्तर पर चयनित युवा एवं दल राष्ट्रीय युवा उत्सव में भाग लेंगे। राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार, युवा उत्सव में भाग लेने के लिए 28 अक्टूबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन जमा किए जा सकेंगे। आवेदन के साथ जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, मूल निवासी प्रमाण पत्र एवं बैंक पासबुक की प्रति संलग्न करना अनिवार्य है। आवेदन कार्यालय जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग, देवास रोड, उज्जैन में जमा करना होगा। इसके साथ ही My Bharat Portal पर पंजीयन कराना भी अनिवार्य है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भारत सरकार के निर्देशानुसार गत वर्ष युवा उत्सव के अंतर्गत सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग ले चुके युवा इस वर्ष प्रतिभागिता नहीं कर सकेंगे। साथ ही, एक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में भाग ले सकेगा।