केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) द्वारा 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ विषय पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सतर्कता विभाग द्वारा शहडोल जिले के गोहपारू विकासखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पैलवाह में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में ईमानदारी, नैतिकता, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनमें सत्यनिष्ठा के मूल्यों को विकसित करना था।
कार्यक्रम का आयोजन सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सतर्कता अधिकारी श्री शंकराचार्य द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाने, अपने दैनिक जीवन में ईमानदारी अपनाने तथा समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया।
चित्रों के माध्यम से दिया भ्रष्टाचार मुक्त समाज का संदेश
चित्रकला प्रतियोगिता में लगभग 150 से 160 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने ‘भ्रष्टाचार को ना कहें’ और ‘विकसित भारत’ जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। उनके चित्रों के माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त समाज, ईमानदार व्यवस्था और विकसित राष्ट्र की परिकल्पना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी पुरस्कृत
चित्रकला प्रतियोगिता के पश्चात विद्यार्थियों के ज्ञान और जागरूकता को बढ़ाने के उद्देश्य से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में नागेंद्र धोनिया, शालिनी प्रजापति, कविता सिंह, नेहा यादव, रागिनी सिंह एवं ऐस्या बैगा शामिल रहे।
विद्यार्थियों ने ली सत्यनिष्ठा की शपथ
कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों को सतर्कता शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने ईमानदारी एवं सत्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने, अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा भ्रष्टाचार से दूर रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर शहडोल जिले के अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) श्री अमित चौरसिया, विद्यालय की अधीक्षिका श्रीमती पद्मा तिवारीी तथा विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। ईमानदारी, पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा को जीवन का अभिन्न अंग बनाकर ही समृद्ध एवं विकसित भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।




