मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ततारपुरा में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, पात्र हितग्राहियों को हितलाभ एवं स्वीकृति पत्र वितरित
खास बातें
- स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग ने लगाया स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, नशामुक्त भारत अभियान के तहत दिलाई गई शपथ
- शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए।
- किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन गतिविधि के प्रति सतर्क रहें तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग ने लगाया स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, नशामुक्त भारत अभियान के तहत दिलाई गई शपथ
निवाड़ी, 13 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने, विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक शुक्रवार को चयनित ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला प्रशासन निवाड़ी द्वारा पृथ्वीपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत ततारपुरा में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए।
शिविर में राज्यसभा सांसद श्री महेश केवट, पूर्व विधायक पृथ्वीपुर डॉ. शिशुपाल यादव, श्रीमती हेमा बुखारिया, श्रीमती सुमन यादव, श्री अनिल पांडे, श्री कमलेश जैन, ग्राम पंचायत ततारपुरा के सरपंच श्री बब्लू यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, सीईओ जिला पंचायत श्री रोहन सक्सेना तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
राज्यसभा सांसद श्री महेश केवट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। शासन की मंशा है कि अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सहजता से पहुंचे। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क स्वास्थ्य उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, जो गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत है। जन समस्या निवारण शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।
पूर्व विधायक डॉ. शिशुपाल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ततारपुरा में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित हैं, जिससे ग्रामीणों को शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ अपने गांव में ही मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि शासन की योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राही शिविर में अपने आवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं के माध्यम से पात्र परिवारों को लाभान्वित किया जा रहा है।
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने अभियान के उद्देश्य एवं शिविर की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का मूल उद्देश्य प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करना है। शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा हो। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे तथा आमजन की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण हो, यह जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया ने अपने उद्बोधन में साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी के प्रति आमजन को जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल लेन-देन एवं ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग बढ़ने के साथ साइबर अपराधों की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। अनजान व्यक्तियों द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी साझा करने, फर्जी फोन कॉल एवं संदिग्ध संदेशों के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता है। उन्होंने ग्रामीणों को समझाइश दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी, एटीएम पिन अथवा गोपनीय विवरण साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन गतिविधि के प्रति सतर्क रहें तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे प्रभावी उपाय हैं।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में बताया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। वहीं, स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की, जबकि आयुष विभाग द्वारा आयुष पद्धति के माध्यम से स्वास्थ्य संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उपस्थित जनसमूह को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने नशे से दूर रहने तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।


