उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 24 अक्टूबर 2026 को मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में 15 वर्ष से अधिक आयु के नवसाक्षर शामिल होंगे। जिले के सातों विकासखंडों में ग्राम एवं वार्ड स्तर पर स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में कुल 1,887 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

परीक्षा का आयोजन प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। नवसाक्षर अपनी सुविधानुसार निर्धारित समयावधि में परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होकर प्रश्नपत्र हल कर सकेंगे। प्रत्येक परीक्षार्थी को प्रश्नपत्र हल करने के लिए तीन घंटे का समय निर्धारित किया गया है।

परीक्षा के सुचारू, व्यवस्थित एवं पारदर्शी संचालन के लिए जिला, विकासखंड तथा संकुल एवं जन शिक्षा केंद्र स्तर पर मॉनीटरिंग दल गठित किए गए हैं। इन दलों द्वारा निर्धारित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा की व्यवस्थाओं एवं संचालन पर सतत निगरानी रखी जाएगी।

जिला स्तरीय मॉनीटरिंग दल का गठन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मुरैना द्वारा किया गया है। वहीं, विकासखंड स्तर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक, जन शिक्षा केंद्र प्रभारी, संकुल सह-समन्वयक (साक्षरता) एवं जन शिक्षकों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र के परीक्षा केंद्रों की निगरानी का दायित्व सौंपा गया है।

परीक्षा के सफल आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित दायित्वों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा परीक्षा का सुचारू संचालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।