राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार आयोजित आपदा मित्र स्वयंसेवकों के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण आज 26 अक्टूबर 2026 को संपन्न हुआ। समापन कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री डी.एन.सिंह द्वारा आपदा मित्र स्वयंसेवकों को इमरजेंसी रिस्पॉन्डर किट एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर श्री डी.एन. सिंह ने कहा कि आपदा के समय आपदा मित्र स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे आपातकालीन परिस्थितियों में तत्परता, संवेदनशीलता एवं सेवाभाव के साथ कार्य करें तथा जिला प्रशासन, होमगार्ड, रेस्क्यू टीम और एनडीआरएफ के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। प्रशिक्षणार्थियों की ओर से आपदा मित्र स्वयंसेवक कु. राधिका रघुवंशी ने प्रशिक्षण के अनुभव साझा किए। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान आयोजित सैद्धांतिक व्याख्यानों, व्यावहारिक अभ्यासों तथा प्रशिक्षकों की प्रशिक्षण शैली एवं व्यवहार की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें दैनिक जीवन में उत्पन्न होने वाली विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की जानकारी प्राप्त हुई। इनमें एलपीजी गैस का रिसाव, शॉर्ट सर्किट, बुजुर्गों को हार्ट अटैक आने तथा बच्चों के गले में वस्तु फंसने जैसी परिस्थितियां शामिल हैं। प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी ऐसी परिस्थितियों में त्वरित एवं उचित कार्रवाई करने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण ने उनमें आत्मविश्वास एवं सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित किया है तथा आपदा के समय लोगों की सहायता करने के लिए प्रेरित किया है।
शिक्षा
आपदा मित्र स्वयंसेवकों के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण संपन्न अपर कलेक्टर ने आपदा मित्र स्वयंसेवकों को इमरजेंसी रिस्पॉन्डर किट एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए

Dumdaar Hindi डेस्क · अशोकनगर · 27 अक्टूबर 2026 · 2 मिनट


