मध्यप्रदेश शासन के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के प्रतिभावान विद्यार्थियों को विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना 2026-27’ के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

इस योजना के माध्यम से चयनित मेधावी विद्यार्थियों को विदेश में स्नातकोत्तर (पोस्ट ग्रेजुएशन), शोध उपाधि (पीएचडी) तथा पोस्ट-पीएचडी पाठ्यक्रमों में अध्ययन के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। योजना का उद्देश्य आर्थिक कारणों से विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित रहने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की शैक्षणिक एवं शोध सुविधाओं से जोड़ना है।

खास बातें

  • इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी विभाग के आधिकारिक पोर्टल mpom.mp.gov.in पर जाकर सर्वप्रथम अपना प्रोफाइल रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
  • प्रोफाइल पंजीयन के लिए समग्र आईडी के साथ डिजिटल जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र एवं मूल निवासी प्रमाण पत्र का लिंक होना अनिवार्य है।
  • प्रोफाइल पंजीयन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन भरकर उसे लॉक कर सकेंगे।

ऑनलाइन पोर्टल पर करना होगा आवेदन

इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी विभाग के आधिकारिक पोर्टल mpom.mp.gov.in पर जाकर सर्वप्रथम अपना प्रोफाइल रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। प्रोफाइल पंजीयन के लिए समग्र आईडी के साथ डिजिटल जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र एवं मूल निवासी प्रमाण पत्र का लिंक होना अनिवार्य है। प्रोफाइल पंजीयन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन भरकर उसे लॉक कर सकेंगे।

आवेदन के 15 दिनों के भीतर दस्तावेज जमा करना अनिवार्य

विभाग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन आवेदन लॉक करने के 15 दिनों के भीतर आवेदन पत्र का प्रिंटआउट तथा सभी आवश्यक स्वप्रमाणित दस्तावेजों की प्रतियां आयुक्त कार्यालय, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, भोपाल में जमा कराना अनिवार्य होगा। दस्तावेजों में शैक्षणिक अंकसूची, विदेशी विश्वविद्यालय या संस्थान का ऑफर लेटर तथा क्रेडिट एवं क्रेडेंशियल से संबंधित प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक अभिलेख शामिल होंगे।

जमा करने का पता आवेदक अपने दस्तावेज डाक के माध्यम से अथवा व्यक्तिगत रूप से निम्न पते पर जमा कर सकते हैं आयुक्त कार्यालय, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, विंध्याचल भवन, द्वितीय तल, 'क'/'ख' विंग, भोपाल-462004।

वर्षभर आवेदन की सुविधा, मेरिट से होगा चयन

योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा पूरे वर्ष उपलब्ध रहेगी। प्रत्येक एक माह की अवधि में प्राप्त आवेदनों को निर्धारित चरणों में संकलित किया जाएगा। इसके पश्चात अभ्यर्थियों की पात्रता एवं मेरिट के आधार पर चयन प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। चयन के लिए आवश्यकतानुसार साक्षात्कार भी आयोजित किए जाएंगे।

विभाग ने इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ऑनलाइन आवेदन करने तथा आवेदन लॉक करने के बाद निर्धारित 15 दिनों की समय-सीमा में सभी आवश्यक दस्तावेज जमा कराने की अपील की है, ताकि उन्हें विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए संचालित इस छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिल सकेगा।