कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न गतिविधियां का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरधरपुर में कैरियर काउंसलिंग एवं विद्यार्थियों के हित में संचालित शासकीय योजनाओं पर जन जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को सही समय पर करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। विद्यार्थियों को उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कैरियर चुनने, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के अवसरों को समझने तथा शासन की छात्रवृत्ति एवं अन्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य श्री सुरेश चंद्र मीणा के निर्देशन में तथा अभियान के नोडल श्री आर.एस. परमार के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में कैरियर काउंसलिंग सत्र प्रभारी श्री मनोज राजपूत, श्री डी.पी. जादौन, श्री हुकम सिंह मीणा, श्री रवि एवं श्री आर.एस. परमार मंचासीन रहे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को कैरियर चयन, उच्च शिक्षा के अवसरों तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
रुचि और क्षमता के अनुसार करें विषयों का चयन
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी कक्षाओं में विषयों का चयन अपनी रुचि, क्षमता और भविष्य के कैरियर को ध्यान में रखकर करना चाहिए। सही समय पर लिया गया निर्णय विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य तक पहुंचने में सहायता करता है। उन्होंने छात्रवृत्ति योजनाओं, शैक्षणिक संस्थानों द्वारा प्रदान की जाने वाली छात्रवृत्तियों तथा शिक्षा ऋण सहित विभिन्न अवसरों की जानकारी देते हुए कहा कि आर्थिक कठिनाइयों को शिक्षा और कैरियर की राह में बाधा नहीं बनने देना चाहिए।
तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा में भी हैं व्यापक अवसर
पॉलिटेक्निक, आईटीआई एवं कंप्यूटर पाठ्यक्रमों के माध्यम से भी रोजगार और स्वरोजगार के अनेक अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पारंपरिक पाठ्यक्रमों के साथ-साथ तकनीकी एवं कौशल आधारित शिक्षा के विकल्पों पर भी विचार करने के लिए प्रेरित किया।



