कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने गत रात्रि शहर में दुर्गा प्रतिमा स्थापना के पूर्व रात्रिकालीन भ्रमण कर विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुर्गा प्रतिमा निर्माण स्थलों का जायजा लेने के साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन के संबंध में निर्धारित प्रतिबंधों के पालन की स्थिति का भी अवलोकन किया।

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने अभिनंदन सरोवर के पीछे स्थित मूर्ति निर्माण स्थल सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मूर्तिकारों से भेंट कर दुर्गा प्रतिमाओं के निर्माण कार्य की जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने मूर्तिकारों से संवाद करते हुए उनके कार्य की सराहना की तथा उनका उत्साहवर्धन किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चक्कर रोड क्षेत्र में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन के संबंध में निर्धारित प्रतिबंधों के पालन की स्थिति का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस प्रशासन को दुर्गा उत्सव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के निर्धारित मानकों एवं प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। इस दौरान एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, एसडीओपी सुश्री अन्नपूर्णा सिरसाम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।