मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को नरसिंहपुर स्थित सांदीपनि विद्यालय के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने यहां मौजूद विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें जीवन में सफलता प्राप्त करने, अपने सपनों को साकार करने और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों से कहा कि आपके नेतृत्व में ही वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनेगा। उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल का भारत है। विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता से ही विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि आप सभी सौभाग्यशाली हैं कि आपको इतना सुंदर और सुविधायुक्त सांदीपनि विद्यालय मिला है। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने भी सरकारी विद्यालय में पढ़ाई की है। उस समय स्कूलों में आज जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने अभिभावकों को सांदीपनि विद्यालय अवश्य दिखाएं, ताकि वे भी यहां उपलब्ध बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं को देख सकें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों को सफलता के महत्वपूर्ण सूत्र बताते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की भावना आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य तय कर पूरी लगन से पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में आगे बढ़ने की क्षमता है और सही दिशा में किए गए प्रयास सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आज के विद्यार्थी शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, नवाचार और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करेंगे। विकसित भारत के निर्माण में युवा पीढ़ी का नेतृत्व और योगदान निर्णायक होगा।

सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए बस सेवा का शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बस सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सहूलियत मिलेगी तथा आवागमन संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का चावरा विद्यापीठ के विद्यार्थियों द्वारा बैंड प्रदर्शन कर और पुष्प भेंटकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सांदीपनि विद्यालय के नवीन भवन का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं, पुस्तकालय, संगीत कक्ष, प्रयोगशाला सहित अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। विद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने के लिए विकसित की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यालय परिसर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित रक्तदान शिविर और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाई गई पोषण प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने रक्तदाताओं के इस पुण्‍य कार्य के लिए उत्साहवर्धन किया। स्कूल परिसर में मौजूद वृद्धजनों का सम्मान किया तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों को सामग्री भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके अलावा शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2024-25 की फीस प्रतिपूर्ति के लिए अशासकीय स्कूलों को संचालकों द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. यादव को पुष्पमाला पहनाकर अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में एनसीसी के कैडेट्स हाथों में नशा मुक्ति का संदेश देने वाली तख्तियां लेकर शामिल हुए।

कार्यक्रम में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह, सांसद चौधरी श्री दर्शन सिंह, विधायक गोटेगांव श्री महेन्द्र नागेश, राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकतंत्र सेनानी संघ श्री कैलाश सोनी, पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, श्री रामसनेही पाठक, श्री अभिलाष मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विद्यार्थी मौजूद थे।