सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड करेली एवं चांवरपाठा के अंतर्गत सीएमसीएलडीपी पाठ्यक्रम के परामर्शदाताओं एवं छात्र-छात्राओं द्वारा वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, संवेदना एवं सेवा भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृद्धाश्रम बरमानकलां का भ्रमण किया गया। इस दौरान जिला समन्वयक श्री जयनारायण शर्मा एवं विकासखंड समन्वयक श्रीमती माधवी पाठक भी मौजूद थे। आयोजित इस सेवा कार्य के दौरान वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठजनों से आत्मीय संवाद किया गया तथा उनका कुशलक्षेम जाना गया।

उन्होंने वृद्धाश्रम में निवासरत सभी वरिष्ठजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य एवं दैनिक जीवन के बारे में जानकारी ली। इस दौरान वरिष्ठजनों को फल एवं वस्त्र भेंट किए गए। साथ ही सभी वरिष्ठजनों को मच्छरदानियां भी प्रदान की गईं। कार्यक्रम के दौरान सीएमसीएलडीपी के परामर्शदाताओं एवं छात्र-छात्राओं ने वरिष्ठजनों के साथ समय बिताया और उनके जीवन के अनुभवों को आत्मीयता से सुना।

छात्र-छात्राओं ने वरिष्ठजनों से संवाद कर उनके जीवन से जुड़े अनुभवों एवं संघर्षों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान सभी ने वरिष्ठजनों के साथ भजन-कीर्तन में भी सहभागिता की और उनके साथ आत्मीय वातावरण में समय बिताया। इस सेवा कार्य के माध्यम से छात्र-छात्राओं में वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। उनके अनुभव और जीवन की सीख नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी हैं। उनके सुख-दुःख में सहभागी बनना और आवश्यकता के समय सहयोग प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान एवं संवेदना की भावना को और मजबूत करने तथा समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

वृद्धाश्रम में आयोजित इस आत्मीय कार्यक्रम से वरिष्ठजनों के चेहरे पर प्रसन्नता दिखाई दी और सेवा एवं अपनत्व का भावपूर्ण वातावरण निर्मित हुआ।