कलेक्टर श्री रत्नाकर ने शनिवार को ग्राम निगवानी स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण कर खाद्यान्न वितरण एवं दुकान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दुकान में उपलब्ध खाद्यान्न के स्टॉक, वितरण पंजी, हितग्राहियों की सूची एवं राशन वितरण की प्रक्रिया की जानकारी ली।
कलेक्टर ने दुकान संचालक से पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा एवं समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकान में गेहूं, चावल सहित अन्य खाद्यान्न सामग्री के भंडारण एवं उपलब्ध स्टॉक का भी अवलोकन किया तथा स्टॉक पंजी और वितरण पंजी का मिलान किया।
उन्होंने निर्देशित किया कि उचित मूल्य दुकान पर आने वाले हितग्राहियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा शासन द्वारा निर्धारित दर एवं मात्रा के अनुसार ही खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित किया जाए। दुकान परिसर में साफ-सफाई एवं आवश्यक सूचनाओं का स्पष्ट प्रदर्शन रखने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


