विद्यार्थियों को दिया केरियर मार्गदर्शन शिक्षकों को अध्यापन के लिये प्रशिक्षित करने के निर्देश गुणात्मक शिक्षा पर जोर
हरदा 30 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जिले के खिरकिया स्थित शासकीय सांदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुँचकर वहां शैक्षणिक व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान वे कक्षा 7 वीं की अंग्रेजी की कक्षा में विद्यार्थियों के बीच बैठे और शैक्षणिक व्यवस्था का अवलोकन किया। इस दौरान कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि स्कूलों में गुणात्मक शिक्षा पर जोर दिया जाए। साथ ही सांदीपनी स्कूल के शिक्षकों को बेहतरीन पढ़ाई के लिये उन्मुखीकरण प्रशिक्षण दिया जाए। स्कूल में कक्षा 7 वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी लक्ष्य के साथ बैठकर कलेक्टर श्री सत्यम ने उसकी पढ़ाई की जानकारी ली। कक्षा में उन्होने विद्यार्थियों से अंग्रेजी के पाठ भी पढ़वाए। इस दौरान उन्होने विद्यार्थियों को केरियर मार्गदर्शन दिया। कक्षा में अंग्रेजी विषय का शैक्षणिक कार्य कर रही शिक्षिका सुश्री सरिता सोलंकी को अंग्रेजी माध्यम से ही विद्यार्थियों की पढ़ाई कराने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने इस दौरान स्कूल की अन्य कक्षाओं एवं व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
बिना अनुमति के अनुपस्थित शिक्षक का कटेगा एक दिन का वेतन
निरीक्षण के दौरान स्कूल से बिना अनुमति के जन विश्वास शिविर में गये शिक्षक श्री अंकित अवस्थी का कलेक्टर द्वारा एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये गये। जनपद पंचायत के सीईओ द्वारा स्कूल में बिना सूचना दिये शिक्षक को शिविर में पहुँचने के निर्देश दिये जाने पर जनपद सीईओ का भी एक दिन का वेतन काटने के निर्देश कलेक्टर ने दिये गये। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नरोत्तम भार्गव, एसडीएम सुश्री रजनी वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी.एस. रघुवंशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


