मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत विकासखंड अमरपुर की ग्राम पंचायत निघौरी में आयोजित शिविर के दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने प्राथमिक शाला जून्हा टोला निघौरी एवं आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों, बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा संस्थानों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्राथमिक शाला के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के संबंध में संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं बेझिझक साझा करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की समझाइश दी।
इसके पश्चात कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को दी जा रही सुविधाओं एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिक शाला एवं आंगनवाड़ी केंद्र में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा शैक्षणिक गतिविधियों और बच्चों को प्रदान की जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

