शासन से प्राप्त निर्देशों के निर्देशानुसार आगामी 09 नवंबर को जिले की समस्त गौशालाओं में गोवर्धन पूजन का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर श्री बालागुरू के. द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं एवं तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं। आयोजन के दौरान जिले की सभी गौशालाओं में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, गौपालकों और गौसेवा से जुड़े नागरिकों को आमंत्रित करते हुए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होगा।

गोवर्धन पूजा के अवसर पर गौशालाओं में विधि-विधान से गौपूजन संपन्न किया जाएगा और गाय के सामाजिक, आर्थिक तथा सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही गौ-पालकों को गौ-माता के समुचित पालन-पोषण, उन्हें उत्पादक बनाने और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करने के उद्देश्य से जागरूक करने हेतु विशेष संगोष्ठियों का आयोजन भी किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान भोपाल में आयोजित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजन समारोह का सीधा प्रसारण देखने के लिए जिले की गौशालाओं में बड़ी टीवी स्क्रीन लगाई जाएगी। इसके अतिरिक्त, गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता के अंतर्गत वृंदावन ग्राम के विजेता पशुपालकों को नजदीकी गौशाला में आमंत्रित कर शॉल, श्रीफल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।