रानी दुर्गावती श्री अन्‍न प्रोत्‍साहन योजना अंतर्गत खरीफ वर्ष 2026-27 में कोदो-कुटकी उपार्जन के लिए ई-उपार्जन पोर्टल पर किसान पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 नवंबर कर दी गई है। इसी तरह पंजीकृत किसानों के सत्यापन की समय-सीमा भी बढ़ाकर 30 नवंबर निर्धारित की गई है। पूर्व में पंजीयन की अंतिम तिथि 5 नवंबर और सत्यापन की अंतिम तिथि 10 नवंबर तय थी। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में अधिकाधिक कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों का पंजीयन कराने तथा पंजीकृत किसानों का समय पर सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत प्रदेश के 15 चयनित जिलों में कोदो एवं कुटकी का उपार्जन प्रस्तावित है। इसके लिए श्रीअन्न प्रोत्साहन कंसोर्टियम ऑफ फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड को जिम्मेदारी सौंपी गई है। चयनित जिलों में कटनी के अलावा मंडला, डिंडोरी, जबलपुर, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, मैहर, रीवा, सतना, सीधी और सिंगरौली शामिल हैं।