विदिशा के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय महाविद्यालय में बुधवार, 17 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान-2026 की शुरुआत हुई। अभियान के पहले दिन विद्यार्थियों को जनसेवा, नागरिक दायित्व और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

राज्य सरकार के निर्देश पर शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में सेवा, जनभागीदारी तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की समझ विकसित करना है। प्राचार्य डॉ. वनिता बाजपेई ने दीप प्रज्वलित कर इसका शुभारंभ किया।

विद्यार्थियों ने लिया सामाजिक भागीदारी का संकल्प

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व निभाने, जनसेवा से जुड़ने और सकारात्मक बदलाव के लिए लगातार प्रयास करने का संकल्प लिया। उन्हें अभियान के उद्देश्यों और प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी भी दी गई।

विकसित भारत 2047 पर रखे विचार

पहले दिन जनकल्याणकारी योजनाओं और ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने योजनाओं की जानकारी, नागरिक भागीदारी और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे।

प्राचार्य डॉ. वनिता बाजपेई ने विद्यार्थियों से अभियान की आगामी गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल होने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अजय सिंह हजारी, प्राध्यापक, अधिकारी-कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। संयोजन डॉ. अमित श्रीवास्तव, संचालन डॉ. राजकमल प्रजापति और आभार प्रदर्शन श्वेता सोलंकी ने किया।