मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत सोमवार को पांढुर्णा जिले के समस्त शासकीय विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, रचनात्मक अभिव्यक्ति तथा विकसित भारत के निर्माण के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालयों में भगवान की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए चित्रकला के माध्यम से विकसित भारत की संकल्पना, देश की प्रगति एवं उज्ज्वल भविष्य की कल्पना को चित्रों में अभिव्यक्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका एवं देश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार व्यक्त किए।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मक सोच को अभिव्यक्त करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका एवं जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने उत्साह एवं सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगिताओं में सहभागिता की।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।


