नीमच जिले के 119 शासकीय हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में 22 सितम्बर को पढ़ाई से अलग विद्यार्थियों के भावनात्मक और सामाजिक विकास पर बात हुई। ‘उमंग दिवस’ के तहत सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं।
विद्यालयों में संवाद और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी भावनाएं समझने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन का उद्देश्य उनके सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना था।
अधिकारियों ने स्कूलों में देखीं गतिविधियां
कार्यक्रम की निगरानी के लिए जिला और विकासखंड स्तर के अधिकारियों ने अलग-अलग विद्यालयों का निरीक्षण किया। जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मुदंडा ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पड़दा और शासकीय हाईस्कूल भाटखेड़ी में गतिविधियां देखीं।
एडीपीसी समग्र शिक्षा निखिल पाटीदार ने जनकपुर मोरवन और सहायक संचालक एस.एम. मांगरिया ने चिताखेड़ा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। सहायक संचालक मनोज जैन ने सांदीपनि विद्यालय नीमच तथा सहायक सांख्यिकी अधिकारी डॉ. अक्षय सिंह बावल ने सीआरपीएफ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजन का जायजा लिया।
विद्यार्थियों और शिक्षकों से हुआ संवाद
नोडल अधिकारी उमंग राजेश मलिक ने भी विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम की गतिविधियां देखीं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से आयोजन के उद्देश्य तथा गतिविधियों के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
विद्यार्थियों को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपनी भावनाओं के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने शैक्षणिक गतिविधियों के साथ मानसिक स्वास्थ्य तथा सामाजिक विकास की अहमियत पर भी ध्यान केंद्रित किया।


