कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना के निर्देशन में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत “मेरी सेवा मेरा योगदान” थीम के तहत आयुष विभाग धार द्वारा भारतीय खेल प्राधिकरण, जेतपुरा में योग एवं ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को योग एवं ध्यान के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना द्वारा भगवान धन्वंतरि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात योग गुरुओं द्वारा उपस्थित अतिथियों, छात्रावास के बालक-बालिकाओं एवं आमजन को विभिन्न योगासनों एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया।योग एवं ध्यान सत्र के दौरान प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ ही तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने के संबंध में जानकारी दी गई। सभी ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास एवं ध्यान सत्र में सहभागिता की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा द्वारा योग गुरुओं को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को जिला आयुष विभाग एवं जिला शिक्षा विभाग के समन्वय से सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंत में श्री प्रवीण शर्मा द्वारा अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया गया।


