14 वर्ष बालक वर्ग में छह और बालिका वर्ग में आठ मुकाबले, मैदान पर दिखा रोमांच और कड़ा संघर्ष
राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता 2026-27 के अंतर्गत 14 वर्ष बालक एवं बालिका वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन छतरपुर जिले में 26 से 30 सितंबर तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन प्रदेश के विभिन्न संभागों एवं जनजातीय विभाग की टीमों के बीच कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
14 वर्ष बालक वर्ग में दूसरे दिन छह मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में रीवा ने शहडोल को 4-0 से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में भोपाल ने ग्वालियर को 9-0 से हराया। तीसरे मुकाबले में जनजातीय विभाग ने शहडोल को 5-0 से पराजित किया, जबकि चौथे मुकाबले में भोपाल ने सागर को 3-0 से शिकस्त दी।
पांचवें मुकाबले में नर्मदापुरम ने रीवा को 2-1 से पराजित किया। यह मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा। छठे मुकाबले में जबलपुर ने ग्वालियर को 4-0 से हराकर जीत दर्ज की।
बालिका वर्ग में भी दिखा रोमांच
बालिका वर्ग में 26 सितंबर को खेले गए मुकाबलों में भोपाल ने उज्जैन को 2-0 तथा नर्मदापुरम ने ग्वालियर को 4-0 से पराजित किया था। दूसरे दिन तीसरे मुकाबले में इंदौर ने रीवा को 5-0 से हराया। चौथे मुकाबले में जनजातीय विभाग ने उज्जैन को 1-0 से पराजित किया। यह मुकाबला बेहद कड़ा और संघर्षपूर्ण रहा।
पांचवें मुकाबले में भोपाल ने जबलपुर को 6-0 से हराया, जबकि छठे मुकाबले में सागर ने नर्मदापुरम को 2-1 से पराजित किया। सातवें मुकाबले में जबलपुर ने उज्जैन को 1-0 से हराया। वहीं आठवें मुकाबले में इंदौर ने ग्वालियर को 6-0 से पराजित किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न संभागों एवं जनजातीय विभाग की टीमें हिस्सा ले रही हैं। बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेलप्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।


