सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत जिले में 3 अक्टूबर को ‘फिट इंडिया खेल सत्र’ का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत जिले के विभिन्न विकासखण्डों में बच्चों एवं युवाओं के लिए विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुरैना श्री कमलेश कुमार भार्गव ने सभी विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों, संबंधित प्राचार्य एवं प्रधानाध्यापकों तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के ग्रामीण युवा समन्वयकों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खेल गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 अक्टूबर को पोरसा के स्टेडियम शाहपुरा में क्रिकेट, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय थरा में शतरंज, इमानुअल हायर सेकेंडरी स्कूल मुरैना में बास्केटबॉल, शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलगांव, जौरा में खो-खो, शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहाड़गढ़ में वॉलीबॉल तथा किडिज होम स्कूल, सबलगढ़ में योगासन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव द्वारा विभिन्न खेल गतिविधियों के सफल आयोजन के लिए प्रभारी अधिकारी एवं संयोजक भी निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक बच्चों एवं युवाओं की सहभागिता कराने के निर्देश दिए हैं।
‘फिट इंडिया खेल सत्र’ के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं में खेल भावना, शारीरिक सक्रियता एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ उन्हें नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इसके साथ ही महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती के अवसर पर आयोजित मद्य निषेध सप्ताह के अंतर्गत जिले में आयोजित होने वाली समस्त खेल गतिविधियों में खिलाड़ियों एवं उपस्थित जनसमूह को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। इसके माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।